Monday , April 29 2024

‘CM को ऐसा महसूस हुआ होगा कि उन्हे धक्का लगा’, ममता बनर्जी पर दिए बयान से पलटे डॉक्टर, दी सफाई

 कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सिर और नाक पर आई चोट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामला उस समय बिगड़ गया, जब गुरुवार को सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने यह दावा किया कि बंगाल सीएम को किसी ने पीछे से धक्का दिया था। हालांकि, बढ़ते विवाद को देखते हुए अब एसएसकेएम अस्पताल के निदेशक मणिमय बंदोपाध्याय ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके कहने का यह मतलब था कि मुख्यमंत्री को ऐसा महसूस हुआ होगा कि उन्हे धक्का लगा है।

बंदोपाध्याय ने कहा, ‘मुख्यमंत्री को ऐसा महसूस हुआ होगा कि उन्हे पीछे से धक्का लगा, जिससे वह गिर गईं। हमारा काम इलाज करना है और हमने ऐसा ही किया। उन्होंने कहा, ‘कल शाम मैंने जो कहा उसे गलत तरीके से लिया गया।’

कल घर में गिर गई थीं सीएम
अस्पताल के निदेशक मणिमोय बंद्योपाध्याय ने बताया था कि शाम करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली की मुख्यमंत्री गिर गई हैं। उन्हें सिर पर चोट आई है। माथे और नाक पर चोट आई है। उनके माथे से खून बह रहा था। माथे पर तीन और नाक पर एक टांका लगाया गया। उनका ईसीजी और सीटी स्कैन भी किया गया। डॉक्टर ने बताया था कि उन्हें अस्पताल में रहने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने घर जाने की इच्छा जताई। सीएम घर पर निगरानी में रहेंगी। डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल करेगी।