Thursday , May 2 2024

बहेड़ी पालिकाध्यक्ष ने पिंक बूथ पर डाला वोट, पीलीभीत में रूस की महिला ने भी किया मतदान

पीलीभीतपीलीभीत-बहेड़ी में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान हो रहा है। इसे लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह है। दोपहर एक बजे तक 38.49 फीसदी मतदान हो चुका था। शुक्रवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही पोलिंग बूथों पर कतार लग गईं। बड़े-बुजुर्ग, युवा और महिलाओं ने पहले मतदान किया, फिर जलपान किया। लोकतंत्र के महापर्व में जनता के साथ जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने भी मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई। बहेड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि जायसवाल ने नगर पालिका परिसर के पिंक बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने फोटो खिंचवाई। लोगों से मतदान की अपील भी की।

बहेड़ी के सपा विधायक अताउर रहमान अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने रिछा के प्राइमरी स्कूल में वोट मतदान किया। इसके बाद स्याही का निशान दिखाते हुए लोगों से मतदान की अपील की। पीलीभीत विधायक एवं राज्यमंत्री संजय गंगवार ने शहर के राम लुभाई महिला डिग्री कॉलेज के मतदान केंद्र पर वोट डाला। वह पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे थे।

रामलुभाई साहनी महिला डिग्री कॉलेज के पोलिंग बूथ पर डीएम संजय कुमार सिंह ने सुबह 7:05 बजे आम मतदाताओं की तरह कतार में लगकर मतदान किया। डीएम ने जिले के लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। एसडीएम/उपजिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पूनिया ने अपने पति मोहन सिंह के साथ राम लुभाई कॉलेज में मतदान किया। इसके बाद स्याही का निशान दिखाते हुए फोटो खिंचवाया।

बहेड़ी में डॉ प्रमोद शर्मा, उनकी पत्नी व भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष कामाक्षी शर्मा ने गन्ना समिति परिसर पोलिंग बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने सेल्फी खींची।  रूस के मोलडवा की रहने वाली टटियाना जायसवाल ने पति नीरज के साथ बिलसंडा में मतदान किया। बीते लंबे समय से पति के साथ यहां रहते हुए उनको नागरिता मिली है। मतदान के बाद टटियाना ने बताया कि उनको लगता पीलीभीत अभी विकास से पीछे है। यहां विकास होना चाहिए। उन्होंने अपना मत विकास के मुद्दे और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किया है। उन्होंने अन्य लोगों से भी इन्हीं मुद्दों पर मतदान की अपील की है।