Monday , May 13 2024

40 मिनट देरी से पहुंचे, 20 मिनट में दिया ऐसा मंत्र; कार्यकर्ता में छा गया उत्साह

कासगंज : भाजपा की रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करीब 40 मिनट बिलंब से पहुंचे। रैली में मंच पर वह करीब 30 मिनट रुके। जिसमें 20 मिनट का उनका संबोधन रहा। शाह का सभा स्थल पर आगमन 12:30 बजे प्रस्तावित था, लेकिन वह सभा स्थल पर 1:10 बजे पहुंचे। उनके संबोधन से पूर्व भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह का संबोधन हुआ। इसके बाद सीधे 1:20 बजे केंद्रीय गृहमंत्री संबोधन को आए और 20 मिनट भाषण देने के बाद वह वापस लौट गए।

 

शाह ने राजवीर का कद बढ़ाने का दिया भरोसा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रैली में न केवल पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की याद दिलाई बल्कि उन्होंने कहा कि राजवीर सिंह राजू भईया उनके मित्र हैं। शाह ने कहा कि इस बार जब वे जीतेंगे तो उन्हें बड़ा बनाया जाएगा। उनका इशारा मंत्री पद को लेकर था। शाह के इस इशारे से राजवीर सिंह के समर्थकों में उत्साह भर गया। सांसद प्रतिनिधि डीएस लोधी ने बताया कि भाजपा के समर्थकों में काफी खुशी है और व उत्साहित भी हैं।

महिलाएं नहीं भूलीं गोलगप्पे खाना
केंद्रीय गृहमंत्री की रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। यह महिलाएं पूरी तरह से मस्ती के मूड़ में नजर आई। रैली स्थल के आस पास लगे चाट पकौड़ों के ठेले पर चटकारे लेते नजर आ रहीं थीं। तमाम महिलाएं गोलगप्पे का आनंद ले रहीं थीं। गोलगप्पे की ठेल पर महिलाओं की काफी भीड़ देखी गई। वहीं गन्ने के जूस व शिकंजी की ठेल पर भी काफी भीड़ देखी गई।

पालिकाध्यक्ष को सुरक्षाकर्मियों ने मंच स्थल पर जाने से रोका
कासगंज। केंद्रीय गृहमंत्री की रैली में हिस्सा लेने के लिए पालिकाध्यक्ष मीना माहेश्वरी अपने पति राजेंद्र बौहरे व अन्य समर्थकों के साथ रैली स्थल पर पहुंची। समर्थक तो पंडाल में पहुंच गए, लेकिन पालिकाध्यक्ष को सुरक्षाकर्मियों ने रोक लिया। जबकि मंच से बार बार जिला प्रभारी पूनम बजाज व प्रवासी प्रभारी हर्षवर्धन आर्य मंच से सुरक्षा कर्मियों से बार बार पालिकाध्यक्ष को अंदर भेजने की कह रहे थे, लेकिन उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद वह मायूस होकर वापस लौट आईं।

मोबाइलों पर लगाए गए स्टीकर, बांटे गए कटआउट और टोपियां
सभा स्थल पर भाजपा के द्वारा रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा की टोपी, कटआउट बांटे गए। वहीं उनके मोबाइल फोन के बीच भाजपा प्रत्याशी के स्टीकर भी लगाए गए। पूरे पंडाल में कार्यकर्ताओं के सिर पर भाजपा की टोपी नजर आ रही थी और लोग बार बार पीएम मोदी के कटआउट जोश में नारे लगाते हुए ऊपर उठा रहे थे।