ब्रोकली जिसे अक्सर हरी गोभी के नाम से भी जाना जाता है, ये सेहत के लिए बहुत फायदेमंद सब्जी है। ये विटामिन, खनिज, फाइबर, और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। फिटनेस फ्रीक लोगों की पसंद ब्रोकली के सेवन से शरीर को आवश्यक कई प्रकार के पोषक तत्व आसानी से प्राप्त हो सकते हैं।

आहार विशेषज्ञों का कहना है कि अगर रोजाना इसका सेवन किया जाए तो यह हड्डियों से लेकर हार्ट और आंखों से लेकर मस्तिष्क तक के लिए कई प्रकार से फायदेमंद हो सकती है।

ब्रोकली में सल्फोराफेन नामक एक यौगिक पाया जाता है, जो शरीर में कैंसर से लड़ने वाले एंजाइम्स को सक्रिय करता है। सल्फोराफेन स्तन, प्रोस्टेट, कोलन और फेफड़ों के कैंसर से लड़ने में प्रभावी हो सकता है। इसी तरह इसमें इसमें इंडोल-3-कारबिनोल भी होता है, जो हार्मोन-संबंधित कैंसर जैसे ब्रेस्ट कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर से बचाव में मदद कर सकता है।

पोषक तत्वों का खजाना है ये सब्जी

करीब 100 ग्राम ब्रोकली से हमारे रोजाना के विटामिन-सी की 91 फीसदी और विटामिन के की 77 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। विटामिन सी एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है जो प्रतिरक्षा प्रणाली को ठीक रखने और त्वचा के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं विटामिन-के, रक्त के थक्के जमने और हड्डियों के स्वास्थ्य को बढ़ावा दे सकता है।

इसमें फोलेट (विटामिन बी9) भी पाया जाता है जो गर्भवती लोगों में सामान्य ऊतकों की वृद्धि और कोशिका के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका सेवन कई प्रकार से हमारे लिए फायदेमंद है।

By Editor