नई दिल्ली: पूर्वोत्तर भारत में बारिश से हाल बेहाल है। यहां चरम मौसमी स्थितियों से उपजे हालातों में 14 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जहां बाढ़ के कारण असम में ही करीब 78 हजार लोग प्रभावित हुए हैं वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मिजोरम में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर के चार राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से बात कर हालात की जानकारी ली है।
गृहमंत्री ने ली हालात की जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर बताया है कि असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।
असम सबसे ज्यादा प्रभावित
गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्से बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। बाढ़ के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित असम है, जहां 15 से अधिक जिलों में 78,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पिछले कुछ दिनों में राज्य भर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के कारण सड़क परिवहन और ट्रेन और नौका सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।