ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो को ‘इलेक्ट्रॉनिक निगरानी यंत्र’ पहनने का आदेश दिया है। यह आदेश तब आया, जब पुलिस ने ब्रासीलिया में बोल्सोनारो के घर और उनके पार्टी मुख्यालय पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर की गई। स्थानीय मीडिया ने बताया कि उनके सोशल मीडिया इस्तेमाल करने और जांच के दायरे में शामिल कुछ अन्य व्यक्तियों से संपर्क करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें उनके पुत्र एडुआर्डो बोल्सोनारो भी शामिल हैं। एडुआर्डो फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं और उनके ट्रंप के साथ नजदीकी संबंध हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने ब्रासीलिया में दो जगहों पर तलाशी ली और चीजें जब्त कीं। पुलिस ने गिरफ्तारी के अलावा कई अन्य कदम उठाए हैं। हालांकि, बयान में किसी का नाम नहीं लिया गया। स्थानीय मीडिया कवरेज में दिखाया गया कि ब्रासीलिया में बोल्सोनारो के आवास के बाहर पुलिस के वाहन खड़े हैं।
जेर बोल्सोनारो पर क्या हैं आरोप
बोल्सोनारो पर आरोप है कि उन्होंने 2022 के चुनाव नतीजों को पलटने (सरकार गिराने) की साजिश रची थी। अब वह सुप्रीम कोर्ट में इस मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। 2022 के चुनाव में बोल्सोनारो हार गए थे और उनकी जगह वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बने थे। बोल्सोनारो पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव हारने के बाद लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की।
दक्षिणपंथियों को दबाने की साजिश: कैवलकैंटे
निचले सदन में बोल्सोनारो की पार्टी के नेता सोस्टेनेस सिल्वा कैवलकैंटे ने एपी को बताया कि पुलिस ने पार्टी मुख्यालय में भी छापेमारी की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल बोल्सोनारो के खिलाफ नहीं, बल्कि सारे दक्षिणपंथी नेताओं के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने इसे राष्ट्रवादियों और दक्षिणपंथियों को दबाने की एक नई साजिश बताया। बोल्सोनारो के वकील ने अभी तक इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।