Saturday , July 27 2024

दहेज में नहीं मिली बाइक तो बारातियों और जनातियों में हुई मारपीट, पांच लोग घायल, वापस लौट गई बरात

औरैया:  औरैया में फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में दहेज में बाइक मांगने को लेकर बरातियों ने हंगामा शुरू कर दिया और लड़की पक्ष के लोगों से भिड़ गए। जमकर मारपीट व तोड़फोड़ हुई। जिसमे पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई। इसी बीच दूल्हा समेत बराती भी बिना दुल्हन विदा कराए वापस चले गए। घटना को लेकर फिलहाल लड़की पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ी निवासी अशोक कुमार ने अपनी पुत्री रेशमा का विवाह अछल्दा थाना के गांव इटेली निवासी विक्रम सिंह के साथ तय किया था। सोमवार की रात बारात गांव मुढ़ी पहुंची। जहां नाश्ता आदि करने के बाद बरात चढ़ने की तैयारी होने लगी। तभी दहेज के सामान में बाइक न होने से दूल्हे के कुछ रिश्तेदारों ने उलाहना दिया और खाना खाने से मना कर दिया। बात बिगड़े नहीं इसको लेकर लड़की के पिता ने आर्थिक हालत का हवाला देते हुए हाथ पैर जोड़े। लेकिन कोई असर नहीं हुआ। जिससे दोनों पक्षों में गर्मागर्मी बढ़ गई।

आपस में लाठी डंडे चलने लगे।
जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को अस्पताल ले गई। वहीं मौका देख दूल्हा और सारे बराती बिना दुल्हन को विदा कराए खिसक गए। लड़की के पिता ने बताया कि 14 दिसंबर को ककोर में हुए सामूहिक विवाह समारोह में पुत्री का विवाह हुआ था। जिसके बाद लड़के पक्ष के लोगों ने धूमधाम से बारात लेकर आने की कहते हुए दुल्हन विदा नहीं कराई थी।

कुछ दिन पूर्व लड़के पक्ष की ओर से शादी की 10 जून तारीख भी रखी गई थी। नौ जून को वह तिलक चढ़ाने गए थे। तब भी लड़के पक्ष की ओर से बाइक मांगी गई थी। लेकिन उन्होंने आर्थिक स्थित का हवाला देकर उन लोगों को मना लिया था। लेकिन बरात में शामिल कुछ लोगों ने बाइक को लेकर गाली गलौज की और मारपीट की। जिसमें वह और उसके पुत्र सत्येंद्र, शुभम घायल हो गए हैं।