कानपुर:  आसमान साफ हो गया है, अब गर्मी अपना रंग दिखाएगी। अगले पांच दिनों में गर्मी के अधिक बढ़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ नमी भी घटेगी। उमस में कमी आएगी लेकिन गर्म हवा के थपेड़े लगेंगे। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 11 जून तक मानसून रुका रहेगा। इसके आगे बढ़ने पर मौसमी गतिविधियां बदलेंगी, तब तक गर्मी बनी रहेगी।

शनिवार को अधिक तापमान 40.4 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री पर रहा। सुबह माहौल में नमी का प्रतिशत 50 फीसदी रहा लेकिन दोपहर को घटकर 29 पर आ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि 40 प्रतिशत कम नमी सेहत के लिए प्रतिकूल होती है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर मंडल समेत पूरे उत्तर भारत गर्मी अपना असर दिखाना शुरू करेगी।

तापमान में बढ़ोतरी के साथ नमी घटने से उमस कमी होगी। शुष्क हवा वातावरण की नमी घटाएगी। धूल भरी हवाओं की गति भी बढ़ेगी। इनकी रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा हो सकती है। उन्होंने बताया कि 11 जून तक गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है। 12 जून से हवाओं का चक्रवाती घेरा पूर्वोत्तर राज्यों में बनेगा।

इसके साथ ही एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बनेगा जिससे मानसून आगे बढ़ेगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू कश्मीर के पहाड़ों पर भी बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी।

By Editor