अनुपम खेर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की कहानी तन्वी नाम की एक ऑटिस्टिक लड़की के ऊपर आधारित है। कैसे वो ऑटिज्म नाम की बीमारी से लड़ते हुए सारी बाधाओं को पार करती है और अपने जीवन में कुछ ऐसा करती है, जिससे वो ‘तन्वी द ग्रेट’ बन जाती है। फिल्म में तन्वी की भूमिका शिवांगी दत्त ने निभाई है, लेकिन क्या आप असली तन्वी को जानते हैं? जिनके जीवन पर ये फिल्म आधारित है? आइए जानते हैं कौन हैं असली तन्वी।
अनुपम खेर की भांजी हैं तन्वी
‘तन्वी द ग्रेट’ असल में अनुपम खेर की भांजी और उनकी बहन प्रियंका खेर की बड़ी बेटी तन्वी के जीवन पर आधारित है। तन्वी ऑटिस्टिक हैं। और वो काफी अच्छी सिंगर भी हैं। अनुपम खेर अक्सर तन्वी से मिलते रहते हैं। अपनी भांजी तन्वी को देखकर ही अनुपम खेर को ऑटिज्म पर फिल्म बनाने का आइडिया आया था। इसीलिए उन्होंने फिल्म का नाम भी तन्वी के ही नाम पर रखा।
म्यूजिक टीचर और एक्ट्रेस बनना चाहती हैं तन्वी
तन्वी सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं। द ऑटिज्म स्टोरी नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर तन्वी अक्सर अपने वीडियोज शेयर करती रहती हैं। इनमें से कुछ में वो गाना गाती नजर आ रही हैं। फिल्म में भी तन्वी को गाते हुए दिखाया गया है। तन्वी काफी टैलेंटेड हैं। तन्वी म्यूजिक टीचर और एक्ट्रेस बनना चाहती हैं।
तन्वी से अक्सर मिलते रहते हैं अनुपम खेर
तन्वी के साथ अनुपम खेर का एक वीडियो वायरल है, जिसमें अनुपम तन्वी के साथ बैठे हैं। वीडियो में तन्वी अनुपम खेर को गाना गाकर सुना रही है। इस वीडियो को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने कैप्शन में लिखा था, ‘तन्वी मेरी सबसे प्यारी भतीजी है। प्रियंका खेर की सबसे बड़ी बेटी। वह बेहद प्रतिभाशाली है और ऑटिस्टिक है। वह आसानी से हंसती है और सहजता से गाती है। वह संगीत शिक्षिका बनना चाहती है। कभी-कभी अभिनेत्री भी। ईश्वर उसे दुनिया की सारी खुशियां प्रदान करे।’