Friday , May 17 2024

अखिलेश फतेहपुरा पहुंचे, महावीर सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

फोटो:- महावीर सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा लोगों के मध्य बैठ महावीर सिंह यादव की स्मृतियों में खोए राष्ट्रीय अध्यक्ष
________

जसवंतनगर(इटावा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को जसवंत नगर इलाके के ग्राम फतेहपुरा पहुंचे और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता व कई बार के जिला पंचायत सदस्य तथा पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय महावीर सिंह यादव के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

महावीर सिंह यादव का 9 मई की रात्रि लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था।स्वर्गीय समाजवादी पार्टी के इटावा जिले के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार होने के साथ-साथ क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव के वाम हस्त थे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी को गहरी क्षति पहुंची है।
     राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पीसीएफ के पूर्व चेयरमैन आदित्य यादव के साथ दोपहर करीब12 बजे फतेहपुरा गांव पहुंचे। वह सीधे स्वर्गीय के घर पहुंच उनके भाई रघुवीर सिंह यादव, पौत्र गणों विश्वनाथ प्रताप सिंह यादव ‘सोनू’ आशुतोष यादव ‘टोनू’ तथा अन्य परिजनों, जिनमें अशोक यादव, संतोष यादव आदि तथा वहां पहले से मौजूद प्रोफेसर डॉक्टर बृजेश चंद्र यादव,विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव ,राहुल गुप्ता, नगर पालिका जसवंत नगर के अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार उर्फ पुद्दल,राजपाल सिंह यादव आदि की उपस्थिति में स्वर्गीय महावीर सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
    राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश काफी देर तक भाव विभोर हो चित्र के समक्ष नतमस्तक खड़े रहे।  इसके उपरांत उन्होंने वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने आए हजारों लोगों की भीड़ के मध्य बैठकर महावीर सिंह के जीवन से जुड़ी कई घटनाओं की चर्चा की और कहा कि स्वर्गीय समाजवादी पार्टी में सभी के लिए प्रेरक व्यक्तित्व थे। उन्होंने समाजवादी आंदोलन को जन जन तक पहुंचाने में अनेकों संघर्षों का सामना किया। पार्टी के वह रीढ़ थे।  राष्ट्रीय अध्यक्ष शोकाकुल लोगों और परिजनों के मध्य आधा घंटा से ज्यादा मौजूद रहे।
       यहां यह भी उल्लेखनीय है कि महावीर सिंह के निधन की खबर के तुरंत बाद ही पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव,शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव अंकुर आदि जसवंत नगर पहुंच  गए थे और बराबर अंतिम संस्कार तक मौजूद रहे थे।इलाके की सांसद डिंपल यादव भी श्रद्धांजलि अर्पित करने 12 मई को फतेहपुरा गांव पहुंची थी। इनके अलावा प्रदेशभर से नेता गण और हजारों लोग फतेहपुरा में बराबर श्रद्धांजलि अर्पित करने आ रहे हैं।
   राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश के फतेहपुरा गांव पहुंचने के अवसर पर आसपास जिलों के बड़ी संख्या में लोग गांव जुड़े थे, जिनमे पूर्व राज्य मंत्री विश्राम सिंह यादव, कई बार जसवंतनगर के ब्लॉकप्रमुख रहे रामपाल सिंह यादव, रिटायर्ड शिक्षक रामपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, सपा महासचिव अनीता यादव,अमन यादव, अजेंद सिंह गौर,अनुज प्रताप सिंह यादव,अनिल प्रताप सिंह यादव, चेयरमैन करहल अब्दुल नईम, रामकुमार यादव, राजवीर सिंह ठेकेदार नगला तेज,राजपाल सिंह यादव, क्षेत्रपाल सिंह यादव, खन्ना यादव, , विनोद यादव, विद्याराम यादव ,नीरज यादव, राकेश कुमार यादव, राम नरेश यादव, राम अवतार यादव,सुरेंद्र सिंह,मुकद्दम सिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद यादव,,अशोक यादव क्रांतिकारी,सत्यवती यादव, ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव आदि प्रमुख थे ।
_____