Friday , April 26 2024

कन्नोज  गावों में घर घर खाक छानेंगे कांग्रेसी

 

प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज। 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने संगठन को ग्राम स्तर पर ले जाने के लिए कमर कासनी शुरू कर दी है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा भेजे गये कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुये जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने बताया कि 19 से 21 अगस्त तक पार्टी के नेता व कार्यकर्ता प्रत्येक न्याय पंचायत की एक ग्राम सभा में तीन दिन प्रवास करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि यही प्रक्रिया शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर की जायेगी। कार्यक्रम की सफलता की जिम्मेदारी न्याय पंचायत अध्यक्ष की होगी इसके लिए पूरे जिले की 81 न्याय पंचायतों में प्रभारी की तैनाती की गई है जो कार्यक्रम को संचालित करेंगे।
जिलाध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर मे दस्तक देंगे और गांव की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। गाँव मे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की बात सुनी जायेगी वहीं क्षेत्र के प्रधान और बीडीसी से भी कांग्रेस कार्यकर्ता मिलेंगे।
20 अगस्त को न्याय पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी निकालकर श्रम दान किया जायेगा और गांव में ही स्वतंत्रता सेनानी परिवारों, सैनिक परिवार, सफाई कर्मी, रसोइया, आशा बहू, शिक्षा मित्र को स्मृति चिन्ह देकर राजीव गांधी सम्मान पत्र भेंट किया जायेगा। यह कार्यक्रम दोपहर 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित किया जायेगा।
तीसरे दिन भी गांव में प्रभात फेरी निकाली जायेगी और स्कूल, पंचायत भवन व धार्मिक स्थल पर श्रम दान दिया जायेगा और युवाओ से बातचीत की जायेगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन गाँव के प्रमुख लोगो से कांग्रेसी मुलाकात करेंगे और समस्याओ पर चर्चा करेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के सदस्य अविनाश दुबे ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में पूरी दमदारी से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में कन्नौज से प्रत्याशी भी लड़ाया जायेगा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तारिक बसीर ने कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की। जिला प्रवक्ता अरविंद दुबे भी पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे।